
जबलपुर। माढ़ोताल थाना अंतर्गत चुंगीनाका के पास काली मंदिर रोड में देर रात प्रयागराज से लौट रहे एक बुजुर्ग को बदमाशों ने रास्ते में रोककर पहले बेरहमी से पीटा, फिर उनकी सोने की अंगूठी और नगदी छीनकर रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, घड़ी चौक विजयनगर निवासी प्रदीप कुमार नेमा (63) बीते दिनों प्रयागराज गए हुए थे। वहां से वह फोर व्हीलर के जरिए बायरोड हाईवे होते हुए देर रात चुंगीनाका माढ़ोताल पहुंचे। चुंगीनाका पर उतरने के बाद वह पैदल ही काली मंदिर रोड से होते हुए अपने घर की तरफ जा रहे थे। रात करीब 12:45 बजे जैसे ही वह सड़क पर लगे बिजली के खंभे के पास पहुंचे, तभी सामने से तीन अज्ञात युवक आए। पहले तो तीनों उन्हें क्रॉस करके आगे निकल गए, लेकिन कुछ ही दूरी पर जाकर उनमें से दो लड़के अचानक वापस लौटे। बदमाशों ने बुजुर्ग को अकेले पाकर उन्हें दबोच लिया और ताबड़तोड़ थप्पड़ बरसाते हुए मारपीट शुरू कर दी बुजुर्ग जब तक कुछ समझ पाते, तब तक एक शातिर बदमाश ने उनकी उंगली में पहनी हुई सोने की कीमती अंगूठी जबरन खींचकर निकाल ली। वहीं दूसरे बदमाश ने उनकी जेब में हाथ डालकर रखे हुए 400 रुपये नगद लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों लुटेरे अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।
