सीतारमण रूस के उप प्रधानमंत्री मंटुरोव से मिलीं, वित्तीय सेवा क्षेत्र में सहयोग मजबूत करने पर विशेष चर्चा की

नयी दिल्ली, 11 सितंबर (वार्ता) वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को यहां रूस के प्रथम उप प्रधानमंत्री डेनिस मंटुरोव से मुलाकात की और व्यापार व निवेश के क्षेत्र में सहयोग की चर्चा की तथा निवेश पर प्रस्तावित संधि की बातचीत को आगे बढ़ाने पर सहमति जतायी । दोनों पक्षों ने वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर विशेष रूप से चर्चा की। वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि श्रीमती सीतारमण और श्री मंटुरोव ने ” दोनों देशों के परस्पर हित के मुद्दों पर चर्चा की और भारत तथा रूस के बीच व्यापार एवं निवेश संबंधों को मजबूत करने के लिए विचारों का आदान-प्रदान किया।

” दोनों नेताओं ने भारत-रूस आर्थिक सहयोग को और विस्तार देने के तरीकों पर भी चर्चा की। दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) पर बातचीत को आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की, ताकि निवेश प्रवाह और आर्थिक जुड़ाव को बढ़ावा देने के लिए पारस्परिक रूप से लाभकारी ढांचा स्थापित किया जा सके। श्रीमती सीतारमण और श्री मंटुरोव ने वित्तीय सेवा क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने के अवसरों पर भी विचार-विमर्श किया। उल्लेखनीय है कि भारत और रूस के बीच कच्चे तेल के साथ साथ अन्य चीजों के व्यापार में हाल में तेजी आयी है। पिछले वित्त वर्ष में द्विपक्षीय व्यापार 60 अरब डॉलर के स्तर पर था।

.....

Next Post

डीयू चुनाव 2026-27 के लिए एनएसयूआई ने घोषित किये उम्मीदवार

Fri Sep 11 , 2026
नयी दिल्ली, 11 सितंबर (वार्ता) नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) ने दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव 2026-27 के लिए अपने चार उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि विजय शंकर मीणा को अध्यक्ष पद, वीर […]

You May Like