शिवपुरी में अग्निवीर भर्ती रैली शुरू:10 जिलों के 10,114 युवा हो रहे शामिल

शिवपुरी: शिवपुरी के शासकीय शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय में आज सोमवार से अग्निवीर सेना भर्ती रैली शुरू हुई। इस रैली में सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, शिवपुरी, दतिया, श्योपुर, मुरैना, भिंड और ग्वालियर जिलों के कुल 10 हजार 114 युवा अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं।भर्ती प्रक्रिया के तहत जनरल ड्यूटी, क्लर्क/स्टोरकीपर, अग्निवीर ट्रेड्समैन और टेक्निकल कैटेगरी में युवाओं की शारीरिक दक्षता, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और हेल्थ टेस्ट किया जा रहा है।

यह भर्ती जिलेवार कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन अलग-अलग जिलों के युवाओं के लिए आयोजित की जा रही है। आज 4 अगस्त को सागर जिले के 570 अभ्यर्थियों के साथ प्रक्रिया की शुरुआत हुई। 12 अगस्त को शिवपुरी जिले से 700 और मुरैना से क्लर्क/स्टोरकीपर श्रेणी के 225 अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे। वहीं 15 अगस्त को रैली का समापन होगा, जिसमें मुरैना जिले के टेक्निकल ट्रेड के 749 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

रैली के शांतिपूर्ण और व्यवस्थित संचालन के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां की हैं। पूरा शहर छावनी बना नजर आ रहा है। रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रमुख चौराहों और रास्तों पर कैमरों से निगरानी की जा रही है, जबकि सैकड़ों पुलिसकर्मी, 3 मोबाइल पेट्रोलिंग यूनिट और अतिरिक्त बल मुरैना व भिंड से बुलाया गया है। अभ्यर्थियों के आने-जाने के लिए बसों की व्यवस्था भी की गई है।

भर्ती डायरेक्टर कर्नल पंकज कुमार ने बताया कि बारिश के मौसम को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों को वाटरप्रूफ बैग में दस्तावेज, खाना और पानी साथ लाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने अभ्यर्थियों के स्वास्थ्य, ठहरने और भोजन की भी पूरी व्यवस्था की है। भर्ती प्रक्रिया को सही तरीके से और बिना किसी गड़बड़ी के पूरा करने के लिए प्रशासन पूरी तरह चौकस है।

Next Post

दो दिवसीय होगा मधुकर समारोह, तैयारी पूर्ण

Mon Aug 4 , 2025
दतिया: सुप्रसिद्ध साहित्यकार एवं संगीतज्ञ पंडित महेश मिश्र मधुकर की स्मृति के अवसर पर अयोजित किए जाने वाला समारोह इस वर्ष दो दिवसीय मधुकर समारोह के रूप में आयोजित होगा जिसमें अखिल भारतीय संगीत सम्मेलन तथा मधुकर सम्मान अलंकरण का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति की बैठक मधुकर भवन बड़े […]

You May Like