मंडीदीप में बेतवा नदी किनारे कचरा डंप करने पर भड़के लोग, प्रदूषण नियंत्रण मंडल लेगा संज्ञान

रायसेन। रायसेन जिले के मंडीदीप नगर पालिका क्षेत्र में शहर का कचरा कथित रूप से बेतवा नदी क्षेत्र में डलवाए जाने का मामला सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में नाराजगी व्याप्त है। मामले को लेकर प्रदूषण नियंत्रण मंडल ने संज्ञान लेने और जिला प्रशासन को अवगत कराने की बात कही है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार नगर पालिका के 26 वार्डों से निकलने वाला कचरा ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से प्रतिदिन बेतवा नदी किनारे पहुंचाया जा रहा है। आरोप है कि नदी क्षेत्र में बने गड्ढों में कचरा डाला जा रहा है, जिससे आसपास गंदगी और दुर्गंध फैल रही है तथा पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अधिकारी बृजेश शर्मा ने कहा कि यदि नदी क्षेत्र में कचरा डाला जा रहा है तो यह नियमों के विरुद्ध है। उन्होंने कहा कि मामले में संज्ञान लेकर कलेक्टर को अवगत कराया जाएगा। मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद सहित विभिन्न हिंदू संगठनों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। दीपेश मीणा और अंकेश तोमर सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि एक ओर सरकार बेतवा नदी संरक्षण और स्वच्छता अभियान चला रही है, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका की कार्यप्रणाली इन दावों के विपरीत दिखाई दे रही है। मंडीदीप नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रशांत जैन ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी मिली है और इसकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कचरा नदी क्षेत्र में डाला जा रहा है तो संबंधित व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बेतवा नदी क्षेत्र में कचरा डालने की व्यवस्था तत्काल बंद कर पर्यावरण अनुकूल कचरा निस्तारण की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

.....

Next Post

ग्वालियर प्रेस क्लब एवं स्काउट गाइड ने चलाया स्वच्छता अभियान

Wed May 20 , 2026
ग्वालियर: ग्वालियर प्रेस क्लब एवं भारत स्काउट गाइड ने स्वच्छ भारत अभियान को प्रोत्साहित करने और लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए आज बुधवार को शास्त्री चौराहा ब्रिज पर स्वच्छता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर निगम आयुक्त संघ प्रिय अपर आयुक्त प्रतीक राव, ग्वालियर प्रेस क्लब अध्यक्ष […]

You May Like