
अशोकनगर। बहादुरपुर कस्बे में शुक्रवार रात मूसलाधार बारिश हुई। करीब दो घंटे तक हुई बारिश के दौरान चार पांच बार जोरदार बिजली कड़की। बिजली की चमक इतनी तेज थी कि घरों में बच्चे रोने लगे। आकाशीय बिजली से एक मकान में भी नुकसान हुआ है। जैन समाज के अध्यक्ष श्रेयांश जैन का एक मकान मंडी के पास खैरखाड़ी मार्ग पर है। इस मकान में मरम्मत का काम चल रहा है। शनिवार सुबह श्रेयांश मकान पर पहुंचे तो देखा कि छत में एक बड़ा सा छेद हो गया है और टाइल्स, ईंटें बिखरी हुई पड़ी हैं। वह छत पर पहुंचे तो टीन शेड आग से काला पड़ कर उखड़ गया था। टीन शेड के नीचे की ईंटें टूट कर पूरी छत पर बिखर गई थीं और सीढ़ियों के नीचे छत में छेद हो गया था। श्री जैन का कहना था कि गनीमत रही कि कुछ ही दिनों पहले इस मकान में रह रहे किरायेदारों से खाली कराकर उन्होंने मरम्मत शुरू की है। इसलिए मकान खाली था, इस मकान में चार परिवार किराए से रहते थे।
