लगातार दूसरी बार प्लेयर ऑफ द ईयर बनीं सबालेंका

वाशिंगटन, (वार्ता) महिला टेनिस संघ (डब्ल्यूटीए) ने दुनिया की शीर्ष महिला टेनिस स्टार एरिना सबालेंका को लगातार दूसरी बार ‘साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी’ चुना है।
इन पुरस्कारों के विजेताओं को अंतरराष्ट्रीय मीडिया मतदान से चुना जाता है। बेलारूस की यह खिलाड़ी पिछले 15 सालों में यह सम्मान एक से ज़्यादा बार जीतने वाली सिर्फ़ तीसरी खिलाड़ी बन गयी हैं। डब्ल्यूटीए टूर पर शानदार सीज़न के बाद उन्हें मीडिया के लगभग 80 प्रतिशत वोट मिले। इस साल उन्होंने सबसे ज़्यादा फाइनल मुकाबलों (नौ) में जगह बनाई, सबसे ज़्यादा खिताब (चार) जीते और सबसे ज़्यादा जीत (63) हासिल कीं।
उन्होंने लगातार दूसरी बार पूरा साल डब्ल्यूटीए की रैंकिंग में शीर्ष पर रहकर बिताया। कैटेरीना सिनियाकोवा और टेलर टाउनसेंड को ऑस्ट्रेलियन ओपन में एक साथ अपने दूसरे ग्रैंड स्लैम टाइटल जीतने के बाद एक शानदार सीज़न के लिए साल की सर्वश्रेष्ठ महिला युगल टीम चुना गया। इस जोड़ी ने दुबई ड्यूटी फ्री टेनिस चैंपियनशिप भी जीती और अमेरिका ओपन के फाइनल में जगह बनायी।
अमेरिका की अमांडा एनिसिमोवा को ‘मोस्ट इम्प्रूव्ड प्लेयर’ चुना गया। वह पांच फाइनल में पहुंचीं और अपने करियर के पहले दो डब्ल्यूटीए 1000 टाइटल दोहा और बीजिंग में जीते। स्विट्जरलैंड की बेलिंडा बेनसिक को अप्रैल 2024 में अपनी बेटी के जन्म के बाद टूर पर लौटने के लिए ‘कमबैक प्लेयर ऑफ द ईयर’ चुना गया। उन्होंने डब्ल्यूटीए 500 अबू धाबी ओपन जीतकर अपने कमबैक को मज़बूत किया। इस दौरान उन्होंने दुनिया की नंबर-5 एलेना रिबाकिना को भी मात दी।
इस बीच, 19 साल की विक्टोरिया म्बोको को ‘न्यूकमर ऑफ द ईयर’ का अवार्ड मिला। उन्होंने सीज़न की शुरुआत टॉप 300 से बाहर रैंकिंग के साथ की थी और साल के आखिर तक नंबर 18 पर पहुंच गईं।

Next Post

चाकूबाजी के साथ लट्ठ, डंडे चले, पांच घायल

Wed Dec 17 , 2025
जबलपुर: शहर से लेकर ग्रामीण अंचल में चाकूबाजी के साथ लट्ठ, डंडे चले। जिसमें पांच लोग घायल हुए। केण्ट पुलिस ने बताया कि राहुल बर्मन 27 वर्ष निवासी अनमोल अपार्टमेंट दही मोहल्ला गोरखपुर ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कम्पाण्ड सदर में जीजा अनिल मिश्रा से उनके घर के बाहर खड़े […]

You May Like