छतरपुर। जिला चिकित्सालय छतरपुर की सीनियर पैथोलॉजिस्ट डॉ. श्वेता गर्ग ने ग्रामीण क्षेत्रों में कैंसर की शुरुआती पहचान और जागरूकता के उद्देश्य से एक “कैंसर अवेयरनेस मोबाइल ऐप” तैयार किया है। मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने उनके इस नवाचार की सराहना करते हुए बधाई दी है।
पिछले 15 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में कैंसर जागरूकता अभियान चला रही डॉ. श्वेता अब तक 290 से अधिक गाँवों में निःशुल्क जांच शिविर आयोजित कर चुकी हैं, जिनमें एक लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें से लगभग 5,000 लोगों में कैंसर के लक्षण पाए गए हैं। साथ ही, जागरूकता के लिए 15 हजार से अधिक पर्चे भी वितरित किए गए हैं।
यह ऐप सरल हिंदी में बनाया गया है ताकि ग्रामीण और अशिक्षित लोग भी इसे आसानी से समझ सकें। ऐप में कैंसर के लक्षण, बचाव के उपाय, तंबाकू से होने वाले कैंसर की जानकारी, और महिलाओं की सेहत से जुड़े महत्वपूर्ण पहलू शामिल किए गए हैं। इसमें इंटरैक्टिव प्रश्नावली के माध्यम से कोई भी व्यक्ति केवल 15 सवालों के जवाब देकर अपने कैंसर जोखिम का आकलन कर सकता है। साथ ही टेलीकॉन्सल्टेशन और स्थानीय स्क्रीनिंग केंद्रों की जानकारी भी उपलब्ध है।
डॉ. श्वेता गर्ग का कहना है कि “कैंसर का सबसे बड़ा कारण जागरूकता की कमी है। इस ऐप से लोगों को सही समय पर जांच और इलाज के लिए प्रेरित किया जा सकेगा।” उनका यह प्रयास गाँव और डॉक्टर के बीच की दूरी घटाने और लोगों में आशा व विश्वास जगाने की दिशा में एक प्रेरक कदम है।
