
एल ऑल्टो (बोलीविया), 11 जून (वार्ता) बोलीविया से मिली हार के बाद चिली की फीफा विश्वकप 2026 के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीद समाप्त होने पर चिली की फुटबॉल टीम के मुख्य कोच रिकार्डो गारेका ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है।
मंगलवार को हुये मुकाबले में बोलीविया के हाथों मिली 2-0 से हार के बाद चिली की फीफा विश्वकप 2026 में खेलने की उम्मीद खत्म हो गई है।
एल ऑल्टो में म्यूनिसिपल स्टेडियम में मैच के बाद संवाददाता सम्मेलन में गारेका ने कहा, “हमने कोचिंग स्टाफ के साथ एक निर्णय लिया और हमने खिलाड़ियों बताया कि हम ऐसे हालात को कम करना चाहते हैं। हमने नतीजे नहीं दिए। चिली की ऐसी स्थिति कोई नहीं चाहता था। मेरे अनुभव और करियर के हिसाब से यह बड़ा झटका है। मुझे अपने पैरों पर वापस खड़ा होना होगा, ठीक उसी तरह जैसे चिली को भविष्य में अपने पैरों पर वापस खड़ा होना होगा।”
