मुंबई, 19 अगस्त (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय बाजार में डॉलर में रही कमजोरी से बुधवार को रुपया एक पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.73 रुपये का बोला गया।
पिछले कारोबारी दिवस पर भारतीय मुद्रा 13 पैसे लुढ़ककर 95.74 रुपये प्रति डॉलर पर रही थी।
रुपये में आज बेहद सीमित दायरे में कारोबार हुआ। यह ऊपर 95.72 रुपये और नीचे 95.76 रुपये प्रति डॉलर तक गया।
एक तरफ रुपये पर कच्चे तेल में तेजी का दबाव था तो दूसरी तरफ डॉलर में बड़ी गिरावट से समर्थन मिल रहा था। अंतरराष्ट्रीय बाजार में लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा आज एक प्रतिशत चढ़कर 92 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। यह तीन सप्ताह का उच्चतम स्तर है।
वहीं, दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर सूचकांक आज 0.8 प्रतिशत टूट गया। इससे रुपया मजबूत हुआ।
विदेशी संस्थागत निवेशकों के भारतीय पूंजी बाजार में 23.94 करोड़ डॉलर लगाने से भी रुपये को समर्थन मिला।
