सोहागपुर। महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में स्थित पवित्र कचारगढ़ गुफा दर्शनों के लिए सोहागपुर से श्रद्धालुओं का जत्था साइकिल से रवाना हुआ। रवाना होने से पहले नगर के पेट्रोल पंप चौराहे पर श्रद्धालुओं का नागरिको ने फूलमाला पहनकर स्वागत किया। इस दौरान ग्राम पंचायत नयागांव के सरपंच प्रतिनिधि दीपक रघुवंशी ने भी श्रीफल देकर विदाई दी। श्रद्धालु विक्रम परते ने बताया कि कल 28 जनवरी से कचारगढ़ में शुरू होने वाले मेले में हम सभी सेवक पहुंचकर प्रशासन की मदद करेंगे । अभी हम सात लोग विक्रम परते डूंडादेह, ब्रजमोहन इवने नयागाँव, कृष्ण भल्लवी डूंडादेह,पूरन भल्लवी डूंडा देह, गोविंद उइके डूंडाखापा, सुरेश सरयाम डूंडादेह, लोकेश उइके डूंडादेह साइकिल से जा रहे है । इसके पश्चात अन्य वाहनों से 400 से 500 लोगों का जत्था पहुंचेगा जो मेले की व्यवस्था में प्रशासन की मदद करेगा। कचारगढ़ की पवित्र गुफा में लगने वाले मेले में सभी सेवकों के द्वारा प्रशासन के साथ मिलकर श्रद्धालुओं के लिए दर्शनों की व्यवस्था, भोजन व्यवस्था सहित अन्य कार्यों में मदद की जाएगी।
गौरतलब है कि की सेवकों का यह जत्था पिछले 10 वर्षों से कचारगढ़ मेले में जाकर प्रशासन एवं श्रद्धालुओं की मदद करता आ रहा है। वहीं पिछले दो वर्ष से कुछ श्रद्धालु साइकिलों से भी कचारगढ़ की यात्रा करते हुए पहुंच रहे हैं और वहां पर अपनी सेवा दे रहे हैं। साइकल यात्रियों का स्वागत करने के दौरान शिक्षक बलराम उइके, सचिव मंगल सिंह ठाकुर, बंसीलाल रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं मित्रबंधु उपस्थित रहे।
