
इंदौर. सांवेर क्षेत्र के पंचडेरिया गांव के पास शनिवार दोपहर को बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बच्चों से भरी एक स्कूल बस अचानक आग का गोला बन गई. गनीमत रही कि चालक की सूझबूझ और लोगों की मदद से सभी बच्चों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया.
एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि बस पंचडेरिया से धरमपुरी जा रही थी. रास्ते में अचानक बस में धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेज थी कि कुछ ही मिनटों में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई और उठता काला धुआं दूर तक फैल गया. चालक ने तत्काल बस को पास स्थित निर्माणाधीन ट्रेजर कॉलोनी के मैदान में रोक दिया. वहां मौजूद लोगों ने ट्यूबवेल की पाइपलाइन से पानी डालकर आग पर काबू पाया. सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आग बुझा दी गई थी. हादसे के बाद बच्चों के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े किए. उनका कहना है कि लंबे समय से बस की फिटनेस को लेकर शिकायत की जा रही थी, लेकिन प्रबंधन ने लापरवाही बरती. समय रहते बच्चों को बचा लिया गया, अन्यथा बड़ी जनहानि हो सकती थी.
