इंदौर: हीरानगर थाना क्षेत्र के गौरीनगर में इलेक्ट्रिशियन सुरेंद्र साहू की चाकुओं से हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं. घटना के बाद इलाके में फैली दहशत के बीच पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई कर आरोपियों को दबोचा.पुलिस के मुताबिक घटना रविवार की है, जब सुरेंद्र पिता धरमदास साहू (38) अपने बच्चों के साथ घर लौट रहे थे.
इसी दौरान नशे में धुत आरोपियों ने मामूली विवाद पर उन्हें घेर लिया और बच्चों के सामने ही सीने में चाकू घोंपकर हत्या कर दी. वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद आरोपियों की पहचान हुई. पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी विवेक साहू और सुमित को गिरफ्तार कर लिया था. घटना के बाद फरार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस ने घेराबंदी तेज की. देर रात कार्रवाई करते हुए दो और नाबालिग आरोपियों को हिरासत में लिया. सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि वारदात की पूरी साजिश और अन्य संभावित आरोपियों की जानकारी मिल सके.
