सतना: जिला कलेक्टर डॉ सतीश कुमार यस द्वारा जिले के समस्त संकुल प्राचार्य, शा. उमावि./ हाईस्कूल और समस्त विकासखंड शिक्षा अधिकारी को आदेश जारी करते हुए ई अटेंडेंस लगा रहे शिक्षकों को वेतन दिए जाने निर्देश दिए हैं। हमारे शिक्षक एप्प पर ई-अटेंडेंस लगाये जानें को लेकर लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा पहले ही निर्देश जारी किये जा चुके हैं। जिसके चलते जिले में पदस्थ सभी शिक्षकों को ‘हमारे शिक्षक एप्प” में उपस्थिति लगानें जाने हेतु निर्देशित किया गया है।
लेकिन जिन शिक्षकों द्वारा उक्त एप्प के माध्यम से ई-अटेंडेंस नहीं लगाई जा रही है उनका माह नवंबर 2025 का वेतन रोकते हुए उनके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही हेतु जिला शिक्षा अधिकारी सतना द्वारा कारण बताओ नोटिस पत्र जारी किये गये हैं। इसी कड़ी में संबंधित कर्मचारियों से प्राप्त प्रतिवाद पर और जिला शिक्षा अधिकारी से प्राप्त अभिमत के तारतम्य में कलेक्टर द्वारा आदेश जारी किया गया कि ऐसे लोक सेवक जिनके द्वारा माह दिसंबर से नियमित रूप से ई- अटेंडेंस लगाना प्रारंभ कर दिया।
गया है व प्रतिदिन ई-अटेंडेंस लगा रहे हैं उनका पिछले माह का रोका गया वेतन भुगतान किया जाये। साथ ही इसी प्रकिया से आगामी माह का वेतन आहरण किया जाये जबकि ऐसे लोक सेवक जिनके द्वारा अभी भी ई-अटेंडेंस नहीं लगाई जा रही है उनका वेतन आहरण न किया जाये। इस मामले में केवल बी.एल.ओ / निर्वाचन कार्य, पूर्व से चिकित्सा अवकाश, अन्य अवकाश में हैं, उन्हें छूट प्रदान की गई है। इसके अलावा ऐसे लोक सेवक जो एप्प में लॉग इन करनें के उपरांत निर्धारित समय के पूर्व संस्था से चले जाते हैं व अन्य स्थान से लॉग आउट कर रहे हैं। ऐसा करने वाले लोक सेवकों का वेतन आहरण प्रतिबंधित रहेगा ।
