सतना: कोलगवां थाना क्षेत्र के हनुमान नगर नई बस्ती के में गुरुवार की रात करीब 1 बजे फायरिंग की घटना हुई। तीन फोर व्हीलर से आए लोगों ने राजेश यादव के घर को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें तीन गाड़ियां तेज रफ्तार में निकलती दिखाई दे रही हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इन्हीं वाहनों से आए लोगों ने फायरिंग की। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि फायरिंग करने वाले लोग शराब ठेकेदार से जुड़े हैं। बताया गया कि फायरिंग के दौरान एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर दीवार से टकरा गई थी। बाद में वही इनोवा शराब दुकान के पास खड़ी मिली, जिससे आरोप और गहरे हो गए। फायरिंग के समय घर में मौजूद लोग घबराकर सहम गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के रहवासी भी डर गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी को चोट नहीं आई।
पुलिस ने संदिग्धों को पकड़ा
सूचना मिलने पर कोलगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी सुदीप सोनी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर वाहनों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। जिसके आधार पर जानकारी जुटाते हुए शुक्रवार को लगभग आधा दर्जन संदिग्धों को पकड़ लिया गया। जिनसे पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है
