
जबलपुर। हनुमानताल थाना अंतर्गत भानतलैया में चार सितम्बर की रात हुई मूर्तिकार की हत्या करने वाले शूटरों की तलाश में नागपुर गई पुलिस की टीम बैरंग वापिस जबलपुर लौट आई। रिमांड खत्म होने पर शनिवार को मद्दगार को पुन: कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे कोर्ट ने जेल भेज दिया है। हालांकि फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
विदित हो कि बड़ी खेरमाई हनुमानताल निवासी मनेाज उर्फ बाबा सोनकर 50 वर्ष का मथुरा सेठ की बाड़ी में मूर्ति बनाने का काम करता था। चार सितम्बर की रात लगभग 11-30 बजे वह मूर्ति बना रहा था तभी वहां पर गाड़ी में रोहित मराठा एवं चिन्टू उर्फ भरत यादव पहुंचे थे। चिन्टू उर्फ भरत यादव ने रोहित से कहा कि आज बाबा को जान से खत्म कर दो तो रोहित ने अपने पास से पिस्टल निकालकर मनोज उर्फ बाबा सोनकर पर फायर कर दिया था। गोली बाबा के गर्दन में पीछे तरफ लगी थी। जिससे उसकी मौत हो गई थी। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई कि मृतक मनोज के बेटों ने 31 जुलाई, 2021 को रोहित मराठा के भाई बिट्टू की चाकू से हमला कर हत्या कर दी थी। इस मामले में दोनों आजीवन कारावास की सजा भुगत रहे है। वारदात के बाद से आरोपितों अनिकेत एवं छोटू से शुभम मराठा रंजिश रखने लगा था। भाई की मौत का बदला उसने अनिकेत एवं छोटू के पिता की हत्या करके लेने का ठाना था। मृतक बि_ू की बहन सीनू राव ने भी पति सुब्बा राव के साथ मनोज की हत्या की योजना बनाई थी। सीसीटीव्ही फुटेज से पुलिस अहम क्लू मिले थे। पुलिस ने बाबा टोला निवासी सुमित चौधरी को ग्वारीघाट से दबोचा था। जिसने रैकी की थी बल्कि मृतक की लोकेशन भी आरोपियों को दी थी। पूछताछ में सुमित ने बिट्टू की बहन का नाम लिया था। जिसे भी दबोचा गया। पूछताछ में पता चला कि बि_ू की बहन ने पति के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। सुपारी देकर हत्या करवाई गई थी।
कटनी, सिहोरा भी ले गई पुलिस-
पुलिस ने मद्दगार सुमित को रिमांड में लेकर पूछताछ की। इसके अलावा अरोपियों के संभावित ठिकानों पर भी पुलिस उसे ले गई जहां आरोपियों के ठहरने की उम्मीद थी। पुलिस आरोपी को कटनी एवं सिहोरा भी लेकर पहुंची थी लेकिन आरोपित नहीं मिले। रिमांड खत्म होने पर शनिवार को पुन: सुमित को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
