अक्षरा हासन और सत्यजीत दुबे की साइंस-फिक्शन फिल्म ‘सिमुलाक्रा’ 17 जुलाई को होगी रिलीज़

मुंबई, 10 जुलाई (वार्ता) फिल्मकार पंकज सावंत के निर्देशन में बनी साइंस-फिक्शन फिल्म ‘सिमुलाक्रा’ 17 जुलाई को वेव्स ओटीटी पर रिलीज़ होगी। फिल्म में अक्षरा हासन और सत्यजीत दुबे मुख्य भूमिकाओं में हैं।फिल्म का टीज़र भी जारी कर दिया गया है। श्रीकांत कदम, प्रवीण पिंगट और पंकज सावंत द्वारा फिलोसिया फिल्म्स के बैनर तले निर्मित यह फिल्म निकट भविष्य की ऐसी दुनिया पर आधारित है, जहाँ इंसानों के जीवन को उनके मस्तिष्क में लगाए गए न्यूरल ब्रेन चिप्स नियंत्रित करते हैं। कहानी में तकनीक के माध्यम से लोगों की यादों को बदलने, दोबारा लिखने या मिटाने की अवधारणा को केंद्र में रखा गया है।

फिल्म की कहानी नयन (सत्यजीत दुबे) और निवी (अक्षरा हासन) के इर्द-गिर्द घूमती है। नयन का दावा है कि दोनों का अतीत गहरे भावनात्मक रिश्ते से जुड़ा रहा है, लेकिन निवी को उसके बारे में कुछ भी याद नहीं है। उसकी मेमोरी वॉल्ट पूरी तरह खाली है। इसके बाद दोनों के रिश्ते, यादों और वास्तविकता के बीच की सीमाओं पर सवाल खड़े होते हैं। लेखक एवं निर्देशक पंकज सावंत ने कहा कि फिल्म तकनीक से आगे बढ़कर प्रेम, रिश्तों और वास्तविकता जैसे गहरे मानवीय सवालों की पड़ताल करती है। उनके अनुसार, यदि यादों और डिजिटल प्रमाणों पर भी भरोसा न किया जा सके तो सच की पहचान कैसे होगी, यही फिल्म का मूल प्रश्न है।

अक्षरा हासन ने कहा कि निवी का किरदार उनके अब तक निभाए गए पात्रों से बिल्कुल अलग है और इस भूमिका ने उन्हें एक कलाकार के रूप में नई चुनौतियों का सामना करने का अवसर दिया। वहीं सत्यजीत दुबे ने कहा कि फिल्म की कहानी आज के कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के दौर में बेहद प्रासंगिक है, क्योंकि यह पहचान, रिश्तों और वास्तविकता की बदलती परिभाषाओं को सामने लाती है। निर्माताओं के अनुसार, फिल्म में अत्याधुनिक विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल केवल तकनीकी प्रदर्शन के लिए नहीं, बल्कि कहानी और भावनाओं को प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

.....

Next Post

चेम्बर ऑफ कॉमर्स में सभी प्रत्याशी धरने पर बैठे

Fri Jul 10 , 2026
ग्वालियर। मप्र चैम्बर ऑफ कॉमर्स एण्ड इंडस्ट्रीज ग्वालियर के आगामी 17 जुलाई को होने जा रहे चुनाव के लिए छपवाए जा रहे मतपत्र में प्रत्याशियों के उपनाम न छापने के निर्णय से प्रत्याशियों में आक्रोश व्याप्त है। चेम्बर ऑफ कॉमर्स में आज अपरान्ह धरने पर सभी प्रत्याशी बैठ गए हैं। […]

You May Like