
सलामतपुर। थाना पुलिस को एक ऐसे फरार स्थाई वारंटी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है जो पाँच साल से एक्सीडेंट के मामले में फरार था। फरार आरोपी ने कार से जिस मोटरसाइकिल में टक्कर मारी थी उसके चालक की ईलाज के दौरान मौत हो चुकी है। थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी ने जानकारी देते हुए बताया कि बबलू नाथ पिता जीवन सिंह नाथ उम्र 37 वर्ष निवासी मेढ़की थाना सांची जो दुर्घटना के एक मामले में पांच साल से फरार स्थाई वारंटी था। मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मेढ़की गांव स्थित अपने घर आया हुआ है। जानकारी मिलते ही एक पुलिस टीम बनाई गई जिसमें थाने के एएसआई राजेश यादव, प्रधान आरक्षक हेत सिंह मीणा और आरक्षक राहुल रघुवंशी शामिल थे। टीम ने गांव में दबिश दी तो आरोपी ने भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत और घेराबंदी कर स्थाई वारंटी बबलू नाथ को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को रायसेन न्यायालय में पेश कर दिया है।
मोटरसाइकिल में मारी थी टक्कर, घायल की हो चुकी है मौत:
आरोपी बबलू नाथ पिता जीवन सिंह नाथ निवासी मेढ़की गांव ने 16 जुलाई 2020 को भोपाल विदिशा हाइवे 18 के वाटिका रेस्टोरेंट के सामने अपनी कार से एक मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी थी। टक्कर की वजह से मोटरसाइकिल सवार चुन्नीलाल उम्र 45 वर्ष निवासी मुक्तापुर गांव गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी बबलू नाथ के विरुद्ध धारा 304 ए आईपीसी का मामला पंजीबद्ध किया था। आरोपी तब से ही फरार चल रहा था। अब सलामतपुर पुलिस की घेराबंदी में फरार स्थाई वारंटी की गिरफ्तारी हो गई है।
इनका कहना है।
5 साल से दुर्घटना के मामले में फरार स्थाई वारंटी को मेढ़की गांव से गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता मिली है। शनिवार के दिन आरोपी को रायसेन न्यायालय में पेश किया है।
दिनेश सिंह रघुवंशी, थाना प्रभारी सलामतपुर।
