
सागर। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सागर में बड़ी कार्रवाई करते हुए मिलिट्री इंजीनियर सर्विसेज़ (एमईएस) के तीन अधिकारियों और एक बिचौलिए को 80 हज़ार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।सीबीआई ने गैरीसन इंजीनियर (जीई), असिस्टेंट गैरीसन इंजीनियर (एजीई) और एक बिचौलिए के खिलाफ मामला दर्ज किया था। आरोप है कि ये अधिकारी एक ठेकेदार से मरम्मत और रखरखाव कार्य के लिए आवंटित ठेका स्थल उपलब्ध कराने के बदले अनुबंध राशि का 2 प्रतिशत यानी एक लाख रुपये रिश्वत मांग रहे थे। यह रिश्वत बिचौलिए के माध्यम से मांगी गई थी। बातचीत के बाद आरोपी 1.5 प्रतिशत यानी 80 हज़ार रुपये रिश्वत लेने पर राज़ी हो गए। शिकायतकर्ता से तय राशि लेते ही सीबीआई ने जाल बिछाकर चारों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों को आज (12 सितम्बर 2025) जबलपुर स्थित सीबीआई मामलों के विशेष न्यायाधीश की अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई की टीम ने आरोपियों के दफ़्तर और आवासीय परिसरों पर तलाशी भी ली, जहाँ से आपत्तिजनक दस्तावेज़ और अन्य सामग्री बरामद हुई है। जांच जारी है।
