सागर-देवरी मार्ग पर वाहन की टक्कर से मृत तेंदुए की पीएम रिपोर्ट में सिर व रीढ़ की हड्डी में आईं गंभीर चोटें

सागर। गौरझामर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-44 पर बरकोटी घाटी क्षेत्र में तेंदुए की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वन विभाग के अनुसार, यह घटना वन परिक्षेत्र ढाना के कक्ष क्रमांक पी.एफ. 780 (वीट रानगिर) में हुई।

वन परिक्षेत्र अधिकारी प्रतीक श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि तेंदुआ रानगिर के जंगल से रास्ता भटककर सड़क पार कर रहा था, तभी किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई।

वन विभाग की टीम ने शव को अभिरक्षा में लेकर एनएच-44 के दोनों ओर लगभग 10-10 किलोमीटर क्षेत्र में वाहन तलाश की, लेकिन कोई क्षतिग्रस्त वाहन नहीं मिला।

मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम वन परिक्षेत्र उत्तर सागर परिसर में जिला पशु चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित टीम डॉ. नीरज सिंह ठाकुर, डॉ. राजेन्द्र सिंह कुर्मी, रिपु दमन सिंह भदौरिया (वनसंरक्षक), चन्द्रशेखर सिंह (डीएफओ उत्तर), रेखा पटेल और विनीता जाटव की उपस्थिति में किया गया।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, तेंदुए की मौत सिर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट लगने से हुई। शरीर पर बाहरी घाव और आंतरिक रक्तस्राव के भी निशान पाए गए, जो किसी भारी वाहन की टक्कर की ओर संकेत करते हैं।

वन विभाग ने शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार मृत तेंदुए का विधिवत शवदाह किया।

रेंजर श्रीवास्तव ने अपील की कि जंगल क्षेत्रों के पास वाहन चालक सावधानी से चलें, ताकि वन्यजीवों की जान को खतरा न हो।

Next Post

चावल, चीनी नरम; गेहूं मजबूत; दालों, खाद्य तेलों में घट-बढ़

Wed Nov 12 , 2025
नयी दिल्ली, 12 नवंबर (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में बुधवार को चावल की औसत कीमत घट गयी जबकि गेहूं के भाव बढ़ गये। चीनी की कीमतों में गिरावट रही। खाद्य तेलों और दालों में उतार-चढ़ाव देखा गया। विदेशों में मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का […]

You May Like