अज्ञात व्यक्तियों ने पठार पर फेंके गौवंश, एक मृत, चार अचेत अवस्था में मिले

अशोकनगर। जिले के बहादुरपुर क्षेत्र के खोपरा-सोपरा पठार पर बुधवार सुबह पांच गौवंश असहाय हालत में पड़े मिले। इनमें एक बछड़ा मृत था, जबकि चार गायें अचेत अवस्था में पाई गईं। ग्रामीणों ने मौके पर मक्का की करप और वाहन के टायरों के निशान देखे, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि गौवंशों को किसी वाहन से यहां लाकर फेंका गया है।

सूचना पर जिला प्रशासन व पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा। जिला पंचायत सीईओ राजेश जैन, उप संचालक पशुपालन मनीष व्यास, एसडीएम इसरार खान, जनपद पंचायत सीईओ आलोक इटोरिया, नायब तहसीलदार कैलाश मालवीय और थाना प्रभारी अरविंद कछवाह ने स्थल निरीक्षण किया।

पशु चिकित्सकों द्वारा जांच करने पर एक बछड़े की मौत की पुष्टि हुई, जबकि चार गौवंशों की स्थिति गंभीर पाई गई। ग्रामीणों की मदद से सभी जीवित गौवंशों को खोपरा स्थित गोपाल गौशाला पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया और गुड़-चना आदि खिलाकर देखभाल की गई।

अज्ञात पर मामला दर्ज:

पशु चिकित्सालय बहादुरपुर के असिस्टेंट सर्जन डॉ. जितेंद्र केमडिया की शिकायत पर थाना बहादुरपुर पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी अरविंद कछवाह ने बताया कि प्रकरण की जांच की जा रही है।

गौशाला से लाने की आशंका:

ग्रामीणों ने शंका जताई है कि उक्त गौवंश किसी गौशाला या बाड़े से लाकर पठार पर फेंके गए हैं, क्योंकि जिस स्थान पर ये पाए गए, वह मुख्य सड़क से लगभग 200 मीटर दूरी पर है और वहां ट्रैक्टर जैसे वाहन के ताजे निशान मिले हैं।

Next Post

एनसीसी कैंप से लौटी नाबालिग छात्राओं को देर रात बिना महिला सुरक्षा कर्मी के छोड़ा गया, अभिभावकों ने की जांच की मांग

Wed Nov 5 , 2025
मंडला। एनसीसी कैंप रांझी जबलपुर से लौट रहीं बीजाडांडी क्षेत्र की तीन दर्जन से अधिक आदिवासी नाबालिग छात्राओं को देर रात करीब 4:30 बजे बस से उतार दिया गया। अभिभावकों का आरोप है कि छात्राओं को पुरुष ड्राइवरों के साथ बिना किसी महिला सुरक्षा कर्मी या शिक्षिका की मौजूदगी में […]

You May Like