शिवपुरी: जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के गोंदोलीपुरा में एक युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद न तो समय पर एंबुलेंस पहुंची और न ही शव वाहन। इससे आक्रोशित परिजन और ग्रामीण शव टैक्सी में रखकर बैराड़ लाए और सड़क पर चक्काजाम कर दिया।मृतक मुकेश शाक्य पुत्र नकटू शाक्य निवासी वार्ड क्रमांक 15, गोंदोलीपुरा घर से निकला था। इसी दौरान पार्वती नदी की पुलिया पार करते समय उसका पैर फिसल गया और वह बहाव में बह गया। कुछ ही देर में उसकी डूबने से मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे, लेकिन दो घंटे इंतजार के बाद भी कोई एंबुलेंस या शव वाहन नहीं आया। आखिरकार परिजन शव को एक ऑटो में रखकर बैराड़ पहुंचे। बैराड़ पहुंचने पर परिजन और ग्रामीणों ने पहले थाना परिसर में विरोध जताया।बाद में सभी तहसील कार्यालय के सामने एकत्रित हो गए और मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वे वर्षों से पार्वती नदी पर पुल की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक न तो जनप्रतिनिधियों ने ध्यान दिया और न ही प्रशासन ने कोई ठोस कदम उठाया।
