
जबलपुर। निवाड़गंज सब्जी मंडी स्थित लाला समोसा सेंटर में रखे गैस सिलेंडर की शटक पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनिट पर आग अचानक भड़क उठी। आसपास के लोगों ने नवभारत को बताया कि होटल के गैस सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी जिस कारण उसकी सटक में आग भड़क उठी, लेकिन गैस सिलेंडर इस दौरान फट नहीं पाया और दुकानदार व ग्राहकों ने सिलेंडर को बाहर निकाल दिया लेकिन गैस सिलेंडर की सटक में फैली आग ने विकराल रूप धारण करके आसपास मौजूद 5 अन्य दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इन दुकानों में मनिहारी की दो दुकानें, सब्जी की एक दुकान और एक होटल शामिल थी वहीं दो दुकानें खाली पड़ी हुईं थीं।
मतलब भीषण आग ने कुल 6 दुकानों को अपनी आगोश में ले लिया। दुर्घटना में लाखों रुपए के नुकसान होने की बात व्यापारियों द्वारा कही गई है। वहीं आग लगने की सूचना पर मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड के दो वाहनों ने आग पर काबू पाया लेकिन फिर भी 6 दुकानें जलकर खाक हो गईं थीं।
गनीमत रही कि गैस सिलेंडर में नहीं भड़की आग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि होटल में 3 गैस सिलेंडर रखे हुए थे, गनीमत रही कि इन सिलेंडरों में आग नहीं लगी, नहीं तो और बड़ी दुर्घटना घटित हो जाती। इस संबंध में फायर कर्मचारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि दुर्घटना में जनहानि नहीं हुई है और समय पर आग पर काबू पा लिया गया है। निवाड़गंज सब्जी मंडी स्थित मनिहारी की दुकान संचालक रितेश चौरसिया ने बताया कि पहले समोसे की दुकान में आग लगी जिसने आसपास की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। अग्रि हादसे में उसकी दुकान में रखी पूजन पाठ की सामग्री जलकर नष्ट हो गई है जिससे उसे करीब डेढ लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
