
सौसर। सौसर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। आरोपी युवक विशेष समुदाय का बताया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार, मोहगांव निवासी अमन पिता असलम खान 24 साल पर नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा है। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग सौसर थाने पहुंच गए और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। लोगों का कहना था कि ऐसी घटनाएं समाज में असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं, इसलिए दोषी को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने भीड़ को समझाइश देकर शांत किया और भरोसा दिलाया कि मामले की पूरी गंभीरता से जांच की जाएगी। थाने में सुरक्षा की दृष्टि से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। खबर लिखे जाने तक लोग थाना परिसर में जमे हुए थे। टी आई रूपलाल उईके ने बताया कि महिला पुलिस अधिकारी की उपस्थिति में आरोपी के खिलाफ विधिसंगत कार्यवाही की जा रही है। इधर स्थानीय सामाजिक संगठनों ने भी इस घटना की निंदा करते हुए कहा है कि ऐसे अपराधों पर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई होना आवश्यक है। जिससे कि ऐसी घटनाओं की पुनरावृति ना हो सके।
