मुंबई, 02 जुलाई (वार्ता) मनोरंजन चैनल सन नियो 06जुलाई से नया धारावाहिक ‘थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान’ लेकर आ रहा है। यह शो एक साधारण गांव की लड़की वैदेही की प्रेरक कहानी है, जो तमाम सामाजिक और आर्थिक चुनौतियों के बावजूद अपने पिता का प्रशासनिक अधिकारी बनने का सपना पूरा करने के लिए संघर्ष करती है। महाराष्ट्र की पृष्ठभूमि पर आधारित इस कहानी में वैदेही का मानना है कि शिक्षा और ईमानदारी से जीवन बदला जा सकता है। उसके सफर में उसकी मुलाकात महत्वाकांक्षी फोटोग्राफर अभिजीत और सफल उद्यमी अनुप्रिया से होती है।
तीनों की जिंदगी आपस में जुड़ने के साथ रिश्तों, महत्वाकांक्षा, इंसानियत और जीवन के कठिन फैसलों की नई परतें खुलती हैं। शो में वैदेही की भूमिका निभा रहीं आरती बिराजदार ने कहा कि वैदेही अपने हालात को अपनी पहचान नहीं बनने देती। साधारण परिवार से होने के बावजूद उसके सपने बड़े हैं और वह हर मुश्किल के बीच आगे बढ़ने का साहस सिखाती है। उन्हें उम्मीद है कि दर्शक उसके संघर्ष और जज्बे से जुड़ाव महसूस करेंगे। अभिजीत का किरदार निभा रहे गौरव बाजपेयी ने कहा कि शो की कहानी वास्तविक जीवन के करीब है और हर किरदार की अपनी अहम भूमिका है।
उनके अनुसार अभिजीत एक महत्वाकांक्षी और बहुआयामी किरदार है, जिसे दर्शक धीरे-धीरे बेहतर ढंग से समझ पाएंगे। अनुप्रिया की भूमिका निभा रहीं अंकिता बहुगुणा ने कहा कि उनका किरदार आत्मनिर्भर, सफल और संवेदनशील है। वह हर परिस्थिति में इंसानियत और सही रास्ते को चुनती है। उन्हें विश्वास है कि दर्शकों को अनुप्रिया की भावनात्मक यात्रा और उसके रिश्ते पसंद आएंगे। उम्मीद, संघर्ष और प्रेरणा से भरपूर ‘थोड़ी सी उम्मीद थोड़ा सा आसमान’ एक ऐसी लड़की की कहानी है, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए हर चुनौती का डटकर सामना करती है। यह शो 6 जुलाई से प्रतिदिन शाम 7:30 बजे केवल सन नियो पर प्रसारित होगा।

