किसानों का गुस्सा फूटा: ट्रैक्टर रैली से पांच किमी लंबा जाम

जबलपुर: भारतीय किसान संगठन के बैनर तले बुधवार को पनागर में किसानों का आक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। जिले के विभिन्न हिस्सों से आए सैकड़ों किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर तहसील कार्यालय का घेराव किया। रैली के कारण पनागर मुख्य मार्ग पर करीब पांच किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिससे आमजन और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

किसानों का कहना था कि प्रशासन और सरकार उनकी समस्याओं को अनदेखा कर रही है। वे नए युग के किसान हैं, लेकिन अब भी पुरानी व्यवस्थाओं के तहत सुविधाएं दी जा रही हैं। उनका आरोप है कि कृषि उपकरणों, सिंचाई सुविधाओं और फसल बीमा योजनाओं में लगातार लापरवाही बरती जा रही है।

किसानों की आठ सूत्रीय मांगों में पराली जलाने का आदेश स्थगित करना, बिजली बिल माफी, उचित समर्थन मूल्य पर फसलों की खरीदी, सिंचाई की समुचित व्यवस्था, बीमा क्लेम का त्वरित भुगतान, खाद-बीज की समय पर उपलब्धता और सहकारी समितियों में पारदर्शिता जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। भारतीय किसान संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन सतर्क दिखाई दिया।

Next Post

महिला पर घर में घुसकर किया हमला, मारपीट में सोने की चैन टूटी

Wed Oct 29 , 2025
इंदौर: शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र स्थित शांति निकेतन कॉलोनी में एक महिला के घर में घुसकर हमला करने और मारपीट का मामला सामने आया है. पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है. विवाद के दौरान पीड़िता को चेहरे पर चोट लगी […]

You May Like