जिला जेल मंडला के बंदी अजीत पटेल की इलाज के दौरान मौत

मंडला :जिला जेल मंडला से इलाज के लिए लाए गए 36 वर्षीय बंदी मरीज अजीत पटेल की सोमवार दोपहर जिला चिकित्सालय मंडला में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। जेल आरक्षक भूपत सिंह द्वारा मरीज अजीत पटेल को सुबह 11.41 बजे मेडिसिन ओपीडी में लाया गया था। मरीज को सांस लेने में कठिनाई, पूरे शरीर में सूजन, कमजोरी और घबराहट की शिकायत थी। प्राथमिक जांच में उसकी स्थिति गंभीर पाए जाने पर तुरंत आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया।

जाँच में मरीज में खून की कमी और ईसीजी में गंभीर कमियां पाई गईं। उसकी वाइटल कंडीशन अत्यंत खराब होने के कारण तत्काल ब्लड ट्रांसफ्यूजन के लिए ब्लड बैंक से संपर्क किया गया, लेकिन मरीज का रक्त समूह एबी पॉजिटिव ब्लड बैंक में उपलब्ध नहीं हो पाया। आईसीयू में लगातार उपचार के बावजूद मरीज की अत्यधिक गंभीर स्थिति के कारण उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर के लिए रेफर किया गया।

हालांकि दोपहर 3.40 बजे रेफरल प्रक्रिया के दौरान ही मरीज की मृत्यु हो गई।सीएमएचओ डॉ. डीजे मोहंती ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि प्राथमिक दृष्टि से ऐसा प्रतीत होता है कि बंदी मरीज अजीत पटेल की मृत्यु खून की कमी और हृदय रोग के कारण हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय स्थित शव गृह में रखा गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पोस्टमार्टम के बाद मृत्यु का स्पष्ट कारण पता लगने पर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, कलयुगी बेटे ने मां के गर्दन पर मारी कुल्हाड़ी

Tue Oct 28 , 2025
मंडला/घुघरी :घुघरी थाना क्षेत्र के लाटो ग्राम में सोमवार रात्रि को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक बेटे ने पारिवारिक विवाद में अपनी 60 वर्षीय मां के गर्दन पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार कर दिया। हमले में मां गंभीर रूप से घायल हो गई हैं, […]

You May Like