
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती वर्ष के समापन पर 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस भव्य रूप से मनाया जाए। इसके लिए 1 से 15 नवम्बर तक ग्राम पंचायतों से लेकर राजधानी स्तर तक विविध गतिविधियाँ आयोजित हों। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों में बिरसा मुंडा के स्वतंत्रता संग्राम में योगदान पर कार्यक्रम, वाद-विवाद, निबंध, भाषण, क्विज और सांस्कृतिक आयोजन किए जाएं।
प्रदेश के विभिन्न अंचलों में जनजातीय नायकों पर आधारित प्रदर्शनियाँ लगाई जाएं और स्व-सहायता समूहों के सम्मेलन, हस्तशिल्प प्रदर्शनी व लोक कला केंद्रित कार्यक्रम भी हों। जनजाति बहुल क्षेत्रों के मेलों में स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़ी विषय-वस्तु प्रस्तुत की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन आयोजनों के माध्यम से शासकीय कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुँचाई जाए। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग जैन, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई, शिवशेखर शुक्ला और प्रमुख सचिव गुलशन बामरा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
