प्रसिद्ध अभिनेता सतीश शाह का 74 वर्ष की उम्र में हुआ निधन

मुंबई 25 अक्टूबर (वार्ता) प्रसिद्ध हास्य कलाकार सतीश शाह का शनिवार को 74 साल की उम्र में निधन हो गया। ‘ये जो है जिंदगी’ और ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’ जैसे धारावाहिकों में दमदार अभिनय से मशहूर हुए श्री सतीश शाह किडनी संबंधी समस्याओं से ग्रसित थे और हाल ही में उनका किडनी ट्रांसप्लांट भी हुआ था।

उनके मैनेजर रमेश ने उनके निधन की जानकारी देते हुए बताया कि श्री शाह का पार्थिव शरीर अस्पताल में ही है और उनका अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। उन्होंने कहा, “आज अपराह्न लगभग दो से 2.30 बजे के बीच श्री शाह का निधन हो गया। परिवार अभी अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा है।”

श्री शाह ने ‘मैं हूं ना, ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ और ‘ओम शांति ओम’ जैसी कई अन्य फिल्म में दमदार भूमिका निभाकर दर्शकों के बीच अपनी अलग छाप छोड़ी है।

गुजरात के मांडवी में 25 जून 1951 में जन्मे सतीश रविलाल शाह ने जेवियर्स कॉलेज से स्नातक की उपाधि हासिल करने के बाद भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान में शिक्षा ली। श्री शाह ने 250 से अधिक फिल्मों और कई टेलीविजन सीरियल में काम किया है। चार दशकों से भी ज्यादा लंबे करियर में शाह फिल्मों और टेलीविजन दोनों में अपनी यादगार भूमिकाओं के जरिए घर-घर में मशहूर हुए। साल 1983 में आई व्यंग्य फिल्म ‘जाने भी दो यारो’ में भूमिका निभाकर उन्हें खास पहचान मिली।

श्री शाह ने अपने करियर के दौरान ‘हम साथ-साथ हैं’, ‘कल हो ना हो’, ‘कभी हां कभी ना’, जैसी हिट फिल्मों में भी भूमिका निभायी है।

 

Next Post

छठ महापर्व केवल पूजा नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आत्मा का उत्सव : योगी

Sat Oct 25 , 2025
लखनऊ 25 अक्टूबर, (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को सूर्योपासना एवं लोक आस्था के महापर्व छठ की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं। मुख्यमंत्री ने आज यहाँ जारी एक बधाई सन्देश में कहा कि “ रउआ सब पर छठी मईया के कृपा बनल रहे, परिवार खातिर […]

You May Like