बैतूल: मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में विकासखंड आठनेर के कावला सेक्टर अंतर्गत अंतिम सीमा से सटी ग्राम पंचायत मानी के ग्राम नढा स्थित तीर्थ क्षेत्र गोमुख नदी पर जल स्रोत सेवा समागम कार्यक्रम द्वितीय चरण का सफल आयोजन किया गया।गोमुख नदी पर जल स्रोत सेवा समागम कार्यक्रम जल गंगा संवर्धन अभियान का द्वितीय चरण जल है तो कल है, जल स्रोतों की रक्षा हम सबकी जिम्मेदारी है।
इस उद्देश्य की पूर्ति के लिए आठनेर विकासखंड से लगभग 55 किमी दूर धारुड के समीप ग्राम नढा के घने जंगलों एवं पहाड़यिों के मध्य स्थित इस महत्वपूर्ण जल स्रोत पर व्यापक श्रमदान किया गया। इस दौरान प्रतिभागियों द्वारा जल स्रोत के आसपास फैले प्लास्टिक एवं अन्य कचरे को साफ किया गया तथा चट्टानों पर जागरूकता संबंधी नारों का लेखन किया गया।
साथ ही मानव श्रृंखला बनाकर जल संरक्षण का सशक्त संदेश दिया गया।
जन अभियान परिषद के माध्यम से जल गंगा संवर्धन अभियान के द्वितीय चरण में मुख्य एवं सामूहिक नदियों पर सामूहिक श्रम साधना एवं नदी अनुभूति कार्यक्रम अंर्तगत विकासखंड आठनेर की समस्त नवांकुर संस्थाओं, परामर्शदाताओं, प्रस्फुटन समिति धारुड एवं मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम सीएमसीएलडीपी के विद्यार्थियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई जिनमें विशेष रूप से ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति धारुड एवं नवांकुर संस्था सतपुड़ा पर्यावरण समिति आठनेर का सराहनीय सहयोग रहा।
यह कार्यक्रम विशेष रूप से उन श्रद्धालुओं एवं पिकनिक मनाने आने वाले लोगों को जागरूक करने हेतु आयोजित किया गया, जो अनजाने में प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री फेंककर इस पवित्र जल स्रोत को प्रदूषित कर देते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया गया। मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जिला कलेक्टर महोदय के मार्गदर्शन एवम नेतृत्व में बैतूल जिले में संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु प्रयास किया गया है।
