इंदौर:राजेंद्र नगर क्षेत्र में महिलाओं के क्रिकेट मैच की आड़ में चल रहे ऑनलाइन सट्टे का पुलिस ने खुलासा किया है। एक टर्फ पर चल रहे मैच का सीधा प्रसारण यू-ट्यूब चैनल पर किया जा रहा था और उसी के जरिए वनएक्स ऐप के माध्यम से लाखों का सट्टा उतारा जा रहा था। पुलिस ने दबिश देकर दिल्ली निवासी एक सट्टेबाज को रंगेहाथों गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी फरार है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बिजलपुर स्थित ट्रेजर टाउन कॉलोनी के एक टर्फ पर महिलाओं का क्रिकेट मैच हो रहा है, जिसका प्रसारण ‘फीमेल इंडोर क्रिकेट लीग’ नामक यू-ट्यूब चैनल पर हो रहा है। इसी चैनल के जरिये दिल्ली में बैठे लोग वनएक्स ऐप से सट्टा चला रहे हैं।राजेंद्र नगर थाना प्रभारी नीरज बिरथरे व टीम ने मौके पर पहुंचकर दबिश दी। वहां एक मैच चल रहा था, लाइव स्ट्रीमिंग जारी थी और सट्टा भी उतारा जा रहा था। पुलिस ने दिल्ली निवासी अनुराग दलाल को मौके से गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसने बताया कि उसका साथी सिद्धार्थ राय, जो दिल्ली में है, वही इस नेटवर्क का दूसरा संचालक है।
उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने मौके से मोबाइल, लैपटॉप, क्रिकेट किट और सट्टे का पूरा हिसाब जब्त किया है। आरोपियों पर गैंबलिंग एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मैच में भाग लेने वाली महिलाएं और युवतियां केवल खिलाड़ी थीं और उन्हें आरोपी नहीं बनाया गया है। ये सभी पेशेवर खिलाड़ी हैं, जिन्हें मैच खेलने के लिए बुलाया गया था। गिरफ्तार आरोपी इंदौर में किराए से रह रहे थे और उन्होंने टर्फ भी किराए पर लिया था। पुलिस मान रही है कि पूछताछ में सामने आ सकते हैं और भी नाम। मामले में पूछताछ चल रही है।
