इंदौर: नावदापंथ क्षेत्र में एक पांच वर्षीय मासूम की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन पोस्टमार्टम से इनकार करते हुए शव लेकर अस्पताल परिसर में भटकते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस की समझाइश के बाद पोस्टमार्टम कराया गया। चंदन नगर पुलिस ने बताया कि मृतक बच्ची का नाम पिंकी उर्फ टिंकी (5) पिता लोकेश है। बच्ची की मां गांव की अन्य महिलाओं के साथ खेत में प्याज छांटने गई थी।
लौटते समय पिंकी अन्य बच्चों के साथ आगे-आगे चल रही थी। रास्ते में पड़े एक खुले तार में करंट फैल रहा था, जिसकी चपेट में आने से वह मौके पर ही गिर पड़ी। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम की बात कही तो परिजन राजी नहीं हुए और शव लेकर अस्पताल परिसर में बारिश के बीच भटकते रहे। सूचना पर पहुंची चंदन नगर पुलिस ने समझाइश दी, तब कहीं जाकर परिजन माने और शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
