
पिपलियामण्डी। नारायणगढ़ पुलिस ने ढाबला चोपाटी के पास हुई लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो फरार है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त की है। आश्चर्य की बात यह रही कि लूट की वारदात को अंजाम देने वाले वही लोग थे जो फरियादी के घर रिश्ता देखने के बहाने पहुंचे थे और बाद में लालच में आकर इस वारदात को अंजाम दे डाला। जानकारी के अनुसार फाटक मोहल्ला पिपलियामंडी निवासी सोनू पिता प्रकाशचंद्र पोरवाल (संघवी) निवासी पिपलियामंडी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 7 अक्टूबर की रात करीब 8.30 बजे वह ढाबला चोपाटी स्थित अपनी चाय-नाश्ते की दुकान बंद कर स्कूटी से घर जा रहा था। इसी दौरान सगस बावजी मंदिर के पास दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रोक लिया, झाड़ियों में ले जाकर मारपीट की और जेब में रखे 3720 रुपये नकद एवं एक वीवो कंपनी का मोबाइल लूट लिया। आरोपियों ने उसके हाथ बांध दिए और भाग निकले। फरियादी ने आरोपियों को पहचान लिय और पुलिस को उनकी पहचान बताई। इस आधार पर पुलिस ने सायबर सेल की मदद से कुछ घंटों में ही आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रामसिंह पिता पर्वतसिंह राजपूत (27) निवासी भादवा थाना झारड़ा जिला उज्जैन और राजेन्द्र पिता जुवानसिंह राजपूत (22) निवासी साकरिया थाना झारड़ा जिला उज्जैन के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि वे फरियादी के घर शादी का रिश्ता देखने पहुंचे थे, जहां उसकी आमदनी देखकर लालच में आकर लूट की योजना बनाई। पुलिस ने उनके कब्जे से 3200 रुपये नगद, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन कीमत 5000 रुपये और बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल कीमत लगभग 70,000 रुपये जब्त की है। पुलिस ने बताया कि दो अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
