1947 में सिर्फ देश का ही नहीं, रिश्तों का, संस्कृति का, सदियों की साझा विरासत का बंटवारा हुआ था: मल्होत्रा

नयी दिल्ली 14 अगस्त (वार्ता) दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने देश के बंटवारे को रिश्तों का, संस्कृति का, सदियों की साझा विरासत का बंटवारा करार देते हुए लोगों से अपील की है कि वे इस बात का संकल्प लें कि देश को कभी भी विभाजन की ‘विभीषिका’ से नहीं गुजरने देंगे।” दिल्ली भाजपा ने देश के बंटवारे वाले दिन को आज ‘विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस’ के तौर पर मनाया। इस मौके पर पार्टी की ओर से सभी 14 संगठनात्मक जिलों संगोष्ठियां आयोजित की गयीं। श्री मल्होत्रा ने चांदनी चौक जिला भाजपा द्वारा सामाजिक संस्था ‘माध्यम – एक विचार’ के सहयोग से कश्मीरी गेट पर आयोजित संगोष्ठी को सम्बोधित करते कहा, ” मेरा परिवार भी इस विभीषिका का साक्षी रहा है। हमारा परिवार मूलतः अमृतसर का रहने वाला है। मेरे दादा की पुश्तैनी दुकान लाहौर में थी जो आज पाकिस्तान में है।”

उन्होंने कहा, “हमारा परिवार अमृतसर में रहता था, लेकिन हमारे कई रिश्तेदार, परिचित, मित्र उस पंजाब में रहते थे जो अब पाकिस्तान में चला गया। मैंने अपने बुजुर्गों से सुना है कि कैसे ट्रेनें लाशों से भरी आती थीं। कैसे बहन-बेटियों की इज्जत लूटी गयी। कैसे पड़ोसी एक रात में दुश्मन बन गये। बंटवारे का दंश सिर्फ जमीन का नहीं था, ये रिश्तों का, संस्कृति का, सदियों की साझा विरासत का बंटवारा था।”
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा कि भूखे-प्यासे शरणार्थियों ने शिविरों में दिन निकाले। शून्य से फिर से शुरुआत की, लेकिन हार नहीं मानी। उन्होंने इसी दिल्ली को देश के अन्य भागों को अपनी कर्मभूमि और देशसेवा को अपना धर्म बनाया।

उन्होंने कहा, ” मौजूदा समय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम यह दिन इसलिए मनाते हैं ताकि नयी पीढ़ी उस दर्द को भूल न जाये। भूल न जाए कि वोट बैंक की राजनीति की कीमत क्या होती है। भूल न जाए कि तुष्टिकरण की कीमत देश की एकता से चुकानी पड़ती है।” उन्होंने कहा, “मैं आज उन सभी शहीदों, उन सभी माताओं-बहनों को श्रद्धांजलि देता हूं, जिन्होंने उस दौरान जान गंवायी थीं। हम संकल्प लेते हैं कि देश को फिर कभी इस विभिषिका से नहीं गुजरने देंगे। एक भारत, श्रेष्ठ भारत – यही हमारे पूर्वजों को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।”

इस संगोष्ठी में सांसद प्रवीन खंडेलवाल, विधायक अशोक गोयल, दिल्ली भाजपा के मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर, निगम पार्षद विकेश सेठी, श्री सुमन कुमार गुप्ता, श्री विकास टांक, श्रीमती उषा शर्मा, श्री सुशील जौटी और श्री कमल बागड़ी और जिला महामंत्री राजा खारी सहित कई अन्य नेता मौजूद रहे।
वहीं, सांसद मनोज तिवारी और पार्टी के प्रदेश महामंत्री मोहनलाल गिहारा ने नवीन शाहदरा जिला द्वारा आयोजित संगोष्ठी में भाग लिया। सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी और प्रदेश महामंत्री विष्णु मित्तल ने दक्षिण दिल्ली जिला द्वारा आयोजित संगोष्ठी में हिस्सा लिया।

.....

Next Post

राजनाथ ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले जवानों के साथ बातचीत की

Fri Aug 14 , 2026
नयी दिल्ली 14 अगस्त (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने स्कॉटलैंड के ग्लासगो में हाल ही में संपन्न राष्ट्रमंडल खेलों में 16 पदक (08 स्वर्ण, 07 रजत और 01 कांस्य) जीतने वाली सेना की टीम के सदस्यों से बातचीत की। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार […]

You May Like