नारायणगंज: नेशनल हाईवे 30 (जबलपुर-रायपुर मार्ग) पर बुधवार रात एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया। रात करीब 9:30 बजे टिकरिया थाने के सामने तेज रफ्तार हाईवा और ट्रेलर में आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन गनीमत रही कि दोनों ड्राइवरों को केवल मामूली चोटें आईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर क्रमांक HR 64 A 0881 रायपुर से जबलपुर की ओर जा रहा था, जबकि हाईवा MP 49 ZD 9555 सामने से ओवरटेकिंग के दौरान आ टकराया। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर तक जाम जैसी स्थिति बन गई।सूचना मिलते ही टिकरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को किनारे कर यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
