इंदौर:शहर में नाबालिगों के अपहरण की घटनाओं में अचानक बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. बीते दो दिनों में अलग-अलग थाना क्षेत्रों से कई बच्चे और किशोर लापता हो गए हैं, जिन्हें अज्ञात लोग बहला-फुसलाकर ले गए. पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना मल्हारगंज थाने में दर्ज हुई. थाने पहुंची फरियादी मीना वास्कले ने पुलिस को बताया कि शारदा कन्या स्कूल के पीछे से उनकी नाबालिग लड़की को कोई अज्ञात आरोपी बहला फुसलाकर ले गया.
इसी तरह दूसरी घटना लसूडिया थाना क्षेत्र में रहने वाले सुरेश गेहलोद ने दर्ज करवाई है, उन्होंने पुलिस को बताया कि सिंगापुर टाउनशिप तलावली चांदा से उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात आरोपी बहला फुसला कर कहीं ले गया. है. तीसरी घटना परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के कुलकर्णी भट्टा की हैं. यहां रहने वाली रेखा मेहरा ने पुलिस को बताया कि उनकी नाबालिग बेटी को कोई अज्ञात लोग भगा कर ले गए. इसी तरह की चौथी घटना रावजी बाजार थाना क्षेत्र में हुई. थाना क्षेत्र के राधा गोविंद का बगीचा में रहने वाली संगीता श्रीवास्तव ने पुलिस को बताया कि उनकी नाबालिग लड़की का अपहरण हो गया है.
जबकि पांचवी घटना थाना सिमरोल के सरकारी स्कूल के सामने ग्राम बैंका की हैं, यहां रहने वाले अनिल सोलंकी ने थाने पहुंच कर पुलिस को बताया कि उनके नाबालिग बेटे को कोई अज्ञात आरोपी बहला फुसलाकर कहीं ले गया है. इन सभी मामलों में पुलिस ने 137 (2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत प्रकरण दर्ज कर अपहृत बच्चों की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज और लोकल इंटेलिजेंस की मदद से सुराग जुटाने का प्रयास कर रही है.
पुलिस ने की अपील
पुलिस ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का विशेष ध्यान रखें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें.
