
सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने कन्या महाविद्यालय सीधी के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को दिए।
कलेक्टर ने महाविद्यालय परिसर में बन रहे विभिन्न भवनों और सुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान निर्माणाधीन छात्रावास की धीमी प्रगति पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और हाउसिंग बोर्ड को कार्य में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूर्ण होना चाहिए, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने महाविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई तथा छात्राओं के लिए उपलब्ध शैक्षणिक वातावरण पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि छात्राओं को बेहतर अध्ययन माहौल उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी प्रभावी ढंग से कर सकें। इसके साथ ही कलेक्टर ने खेल सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया और कहा कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए खेल गतिविधियां अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने और खेल मैदान एवं अन्य सुविधाओं को विकसित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, तहसीलदार मीनाक्षी जायसवाल, महाविद्यालय प्राचार्य ओपी नामदेव सहित विभागीय अधिकारी तथा महाविद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहे।
10-11 को रामपुर नैकिन के दौरे पर रहेंगे कलेक्टर
कलेक्टर विकास मिश्रा का 10 एवं 11 अप्रैल 2026 को विकासखंड रामपुर नैकिन क्षेत्र में दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 10 अप्रैल को सायं 4 बजे सीएम राइज स्कूल रामपुर नैकिन एवं निर्माणाधीन अस्पताल का निरीक्षण करेंगे। इसके पश्चात नगर परिषद कार्यालय, जनपद पंचायत कार्यालय एवं तहसील कार्यालय का निरीक्षण करेंगे। ग्राम पंचायत रघुनाथपुर में चौपाल आयोजित कर स्व सहायता समूहों की गतिविधियों का अवलोकन करेंगे। इसके उपरांत ग्राम पंचायत चोरगड़ी में चौपाल कार्यक्रम में शामिल होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनेंगे। इस दौरान सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी आवश्यक जानकारी के साथ उपस्थित रहेंगे। कलेक्टर शिकारगंज में रात्रि विश्राम करेंगे। 11 अप्रैल को प्रात: 8 बजे चंदरेह शिव मंदिर का भ्रमण कर जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत कार्यों का अवलोकन एवं श्रमदान करेंगे। इसके बाद ग्राम पंचायत गुजरेड़ में तालाब, स्कूल एवं आंगनवाड़ी का निरीक्षण करेंगे। ग्राम पंचायत पोस्ता में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में सम्मिलित होंगे तत्पश्चात हनुमानगढ़ तहसील कार्यालय एवं गौशाला का निरीक्षण करेंगे। भ्रमण के दौरान क्षेत्रीय विकास कार्यों की समीक्षा, जनसमस्याओं के निराकरण तथा शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना प्राथमिकता रहेगी।
