नयी दिल्ली 27 मई (वार्ता) पश्चिम एशिया की स्थिति पर नजर रखने और वहां के घटनाक्रमों की समीक्षा के लिए गठित मंत्री समूह के अध्यक्ष एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश में कच्चे तेल और एलपीजी की आपूर्ति की स्थिति सामान्य बनी हुई है और लोगों को घबराहट में खरीदारी से बचना चाहिए।
मंत्री समूह की श्री सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को छठी बैठक में स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गयी। उन्होंने कहा कि सरकार सभी ज़रूरी चीज़ों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
बैठक के बाद श्री सिंह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा,” पश्चिम एशिया की स्थिति को ध्यान में रखते हुए, ज़रूरी चीज़ों की उपलब्धता और सप्लाई चेन की मज़बूती की समीक्षा करने के लिए मंत्री समूह की छठी बैठक हुई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार, पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने के बाद से ही बहुत बढ़िया काम कर रही है। मंत्री समूह ने प्रधानमंत्री का उनके दूरदर्शी नज़रिए और मुश्किल समय में बेहतरीन नेतृत्व देने के लिए आभार जताया।”
उन्होंने कहा कि देश में आपूर्ति की स्थिति सामान्य है और नागरिकों को पेट्रोल, डीज़ल तथा एलपीजी की घबराहट में खरीदारी करने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार सभी ज़रूरी चीज़ों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
