शिवपुरी : वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह 2025 के उपलक्ष्य में माधव टाइगर रिजर्व शिवपुरी के अंतर्गत वन परिक्षेत्र द्वारा पीएम श्री हाई स्कूल बारा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों के साथ साइकिल एवं पैदल रैली निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने “वन्यप्राणी बचाओ, प्रकृति सजाओ’ जैसे नारों से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में चित्रकला, निबंध और मूर्ति कला प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं जिनमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में उपसंचालक माधव टाइगर रिजर्व हरिओम एवं सहायक संचालक मुकुल सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। उन्होंने छात्रों को वन्यजीवों के संरक्षण और पर्यावरण संतुलन के महत्व पर प्रेरणादायक विचार रखे। प्रतियोगिताओं में विजेता छात्रों को शील्ड और पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में 250 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लेकर वन्यजीवों की रक्षा का संकल्प लिया।
