
छिन्दवाड़ा. राजीव भवन स्थित शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक में सम्मिलित हुए पूर्व सांसद नकुलनाथ ने संगठन को बूथ स्तर पर सशक्त करने पर जोर देते हुए कहा कि वार्डों में पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की सक्रियता नितांत आवश्यक है। सभी पार्षदगण की भी जिम्मेदारी है कि वे सजगता व सक्रियता के साथ कार्य करें। निगम क्षेत्र की तमाम समस्याएं लगातार सामने आ रही। सुधार के प्रयास शून्य है ऐसे में जिम्मेदारी बनती है कि जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाएं साथ ही अपनी बात भी जनता के बीच में रखें।
आयोजित बैठक को सम्बोधित करते हुए उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर भाजपा की सरकार को घेरते हुए कहा कि महिला आरक्षण पर भाजपा देश को गुमराह कर रही है। भाजपा द्वारा महिला आरक्षण को लेकर लगातार झूठा भ्रम फैलाया जा रहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों ने महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन नहीं किया, इसलिए संसद में विधेयक पारित नहीं हो सका। महिला आरक्षण अधिनियम (नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023) 128 वां संविधान संशोधन सितंबर 2023 में संसद के दोनों सदनों में पारित हो चुका है तथा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस पर हस्ताक्षर कर चुकी हैं तथा यह कानून भी बन चुका है।उन्होंने कहा, भाजपा 2023 के आरक्षण कानून को क्यों लागू नहीं कर रही है? इस कानून के आधार पर तुरंत आरक्षण प्रभावी हो सकता है। भाजपा ने 16 अप्रैल 2026 को जो विधेयक संसद में प्रस्तुत किया वह महिला आरक्षण के संदर्भ में नहीं है। भाजपा महिला आरक्षण को मुखौटा बनाकर परिसीमन संशोधन विधेयक तथा केंद्र शासित प्रदेश कानून संशोधन विधेयक को पारित करवाना चाहती थी।
