
सौंसर।शहर के मुख्य बाजार में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा जीएसटी बचत उत्सव बड़े उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाया गया। सांसद विवेक बंटी साहू एवं जिला भाजपा अध्यक्ष संदीप मोहोड ने व्यापारियों और उपभोक्ताओं से भेंटकर “गर्व से कहो हम स्वदेशी हैं” का संदेश दिया।
सांसद विवेक बंटी साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवरात्रि और दीपावली जैसे पावन अवसर पर देशवासियों को ऐतिहासिक उपहार देते हुए जीएसटी दरों में कटौती की है। यह निर्णय केवल टैक्स में राहत भर नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में उठाया गया एक मजबूत कदम है। इससे व्यापारियों को प्रोत्साहन मिलेगा और उपभोक्ताओं के घरेलू बजट को सहारा मिलेगा।
जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने कहा कि जब हम स्थानीय उत्पादों को प्राथमिकता देते हैं तो न केवल अपने किसानों और व्यापारियों को मजबूती देते हैं, बल्कि राष्ट्र की अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाते हैं। “वोकल फॉर लोकल” का यह अभियान हर नागरिक को स्वदेशी अपनाने का अवसर देता है। आत्मनिर्भर भारत का सपना तभी साकार होगा, जब हर घर, हर बाजार और हर नागरिक इस संकल्प में सहभागी बने।
कार्यक्रम में भाजपा नेता संतोष जैन, जिला उपाध्यक्ष रामकृष्णा वाकोडे, जिला महामंत्री देवेन्द्र गायकवाड, युवा नेता राहुल मोहोड, मंत्री अशोक मानापूरे, मंडल अध्यक्ष दर्शन झाड़े, मंडल महामंत्री नरेन्द्र कुकड़े,नामदेव पाल, नगर पालिका अध्यक्ष सुरेखा इंदरचंद्र डागा, मोरेश्वर मर्सकोले, नामदेव इवनाती सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और व्यापारी उपस्थित रहे।
