नयी दिल्ली, 10 जुलाई (वार्ता) पूर्व भारतीय ऑफ़ स्पिनर आर अश्विन दाहिने घुटने में चोट के कारण एमएलसी 2026 के बाक़ी मुक़ाबलों से बाहर हो गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज़ पीटर सिडल को अश्विन की जगह सैन फ़्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स टीम में शामिल किया गया है। सिडल इस टूर्नामेंट में ज़ेवियर बार्टलेट और ऐरन हार्डी के कवर के रूप में खेलते हुए अपनी गेंदबाज़ी से पहले ही प्रभावित कर चुके हैं। अश्विन ने टीम की ओर से जारी बयान में कहा, “सीज़न को समय से पहले ख़त्म करना मेरे लिए निराशाजनक है, लेकिन दुर्भाग्य से इस चोट के कारण यही सही फ़ैसला है।
सैन फ़्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के साथ बिताया गया यह समय मुझे बेहद अच्छा लगा और अब मैं टूर्नामेंट के बाक़ी मुकाबलों के लिए बाहर से टीम का समर्थन करूंगा। मेरे साथियों, कोचिंग स्टाफ़, सैन फ़्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के सभी लोगों और टीम के सभी प्रशंसकों का उनके शानदार समर्थन के लिए धन्यवाद।” अश्विन ने इस सीजन यूनिकॉर्न्स के लिए सिर्फ एक मुक़ाबला खेला। 20 जून को डैलस में टेक्सस सुपर किंग्स के ख़िलाफ़ उन्होंने दो ओवर में 24 रन दिए, लेकिन कोई विकेट नहीं ले सके।
अश्विन की गैरमौज़ूदगी में युवा लेग स्पिनर अनिरुद्ध इमैनुएल और बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर हसन ख़ान के साथ टीम के कप्तान मैट शॉर्ट स्पिन विभाग की जिम्मेदारी ख़ुद संभाल रहे हैं।
वह इस सीज़न यूनिकॉर्न्स के सबसे सफल स्पिनर हैं। अश्विन का अगला टूर्नामेंट संभवत: यूरोपियन टी 20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) का पहला सीज़न होगा, जहां वह डबलिन गार्जियंस के कप्तान और मेंटॉर की भूमिका निभाएंगे। छह टीमों वाले इस टूर्नामेंट का आयोजन 26 अगस्त से 20 सितंबर तक आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड्स में होगा। अश्विन ने दिसंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और 2025 में आईपीएल से संन्यास लिया था। यूनिकॉर्न्स, फ़िलहाल आठ मैचों में पांच जीत के साथ एमएलसी अंक तालिका में शीर्ष पर है।

