
जबलपुर। तिलवारा थाना अंतर्गत नागपुर नेशनल हाईवे पर एक बेलगाम डंपर ने ओवरटेक करने के चक्कर में रेलवे विभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर की कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर लांघते हुए सड़क के दूसरी ओर चली गई। हादसे में कार सवार एक युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, जवाहर नगर अधारताल निवासी कुमार पंडित त्रिवेदी (49) जबलपुर रेलवे विभाग में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, वे अपने परिवार और मित्र प्रतीक जैन के साथ रामूजी वाटर पार्क गए थे। जब वे अपनी टाटा पंच कार से वापस घर लौट रहे थे, तभी नागपुर नेशनल हाईवे पर वाटर प्लांट के सामने यह हादसा हुआ। पीड़ित इंजीनियर ने पुलिस को बताया कि वे हाईवे पर अपनी साइड में चल रहे थे, तभी पीछे से आ रहे एक बिना नंबर वाले डंपर के चालक ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान डंपर ने कार के ड्राइवर साइड में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार का संतुलन बिगड़ गया और वह डिवाइडर पार कर दूसरी तरफ पहुंच गई। कार की बगल वाली सीट पर बैठे प्रतीक जैन के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। गनीमत रही कि कार में सवार अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
