सतना : कानपुर में दो लोगों की हत्या करने के बाद सतना पहुंचे आरोपी ने होटल के कमरे में फंदे पर लटक कर जान दे दी थी. इस मामले की जानकारी होने पर कानपुर पुलिस की टीम भी जांच करने के लिए मंगलवार को सतना पहुंची. आवश्यक साक्ष्य एकत्रित करने के बाद पुलिस टीम वापस कानपुर के लिए लौट गई.शहर के सेमरिया चौक के निकट स्थित होटल सिद्धांत के कमरा नंबर 27 में सोमवार को एक युवक का शव फंदे पर लटके पाए जाने से सनसनी फैल गई.
लेकिन इस मामले की जांच करने पहुंची पुलिस के सामने उस वक्त चौंकाने वाला खुलासा सामने आया जब उन्हें इस बात की जानकारी मिली कि फंदे पर लटक कर जान देने वाला युवक दरअसल दोहरे हत्याकाण्ड का आरोपी है. कोलगवां थाना प्रभारी सुदीप सोनी के नेतृत्व में शुरु हुई जांच के जरिए मृतक की पहचान बर्रा विश्व बैंक के ए ब्लाक थाना हनुमंत विहार निवासी आकाश विश्वकर्मा उम्र 30 वर्ष के तौर पर हुई थी.
जिसे देखते हुए थाना प्रभारी द्वारा कानपुर उप्र की पुलिस से संपर्क साधा गया.जहां से इस बात की जानकारी मिली कि मृतक आकाश ने कानपुर में एक किन्नर और उसके ममेरे भाई की हत्या कर दी थी. जिसके चलते कानपुर पुलिस द्वारा उसकी तलाश की जा रही थी.
