भोपाल। पंचायत कमेटी ट्रस्ट भोपाल के तत्वावधान में गणचार्य विराग सागर महाराज के शिष्य उपाध्याय विशोक सागर महाराज की मोती मस्जिद चौराहे पर भव्य अगवानी की गई। ट्रस्ट अध्यक्ष मनोज बांगा ने बताया कि प्रातः पंचशीलनगर से चोक तक मुनि संघ का बिहार हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
चोक जैन मंदिर पहुंचने पर जैन समाज की महिलाओं ने मुनि संघ के पाद प्रक्षालन किए। इसके पश्चात प्रवचन में उपाध्याय श्री ने चार गतियों देव, मनुष्य, तिर्यंच और नारकी का उल्लेख करते हुए कहा कि केवल मनुष्य ही मुनिराज को आहार दे सकता है, जिससे उसका कल्याण संभव होता है।
ट्रस्ट मंत्री मनोज आर.एम. ने बताया कि कल तपस्वी सम्राट मुनि श्री 108 सन्मति सागर महाराज का 16वां समाधि दिवस चोक जैन समाज द्वारा मनाया जाएगा। कार्यक्रम में आचार्य परमेष्ठि विधान और विशोक सागर महाराज के विशेष प्रवचन होंगे।
