इंदौर: शेयर बाजार में भारी मुनाफे का लालच देकर युवक से डेढ़ करोड़ रुपए से अधिक की ठगी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को राज्य साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी ने ठगी की रकम अपने खाते में ट्रांसफर करवाई थी. उसे आगर मालवा जिले के सुसनेर से दबोचा.फरियादी ने साइबर पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसे टेलीग्राम ग्रुप में जोड़कर एक वेबसाइट के जरिए निवेश का झांसा दिया.
करीब तीन से चार महीने तक लगातार ट्रांजैक्शन करवाकर आरोपियों ने उससे एक करोड़ 41 लाख 95 हजार रुपये हड़प लिए. जांच के दौरान पता चला कि इसमें से साढ़े चार लाख रुपए सुसनेर निवासी आरोपी ने अपने खाते में ट्रांसफर करवाए थे. राज्य साइबर जोन इंदौर की टीम ने तकनीकी विश्लेषण कर आरोपी का पता लगाया और 17 सितंबर को उसे उसकी दुकान से गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी की पहचान 38 वर्षीय प्रशांत नागर, निवासी ग्राम मोड़ी, तहसील सुसनेर, जिला आगर मालवा के रूप में हुई है. पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की थी. अब तक ठगी गई पूरी राशि को होल्ड करा लिया है. इस कार्रवाई में साइबर पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही.
