सुसाइड नोट में लिखा अब जीने की इच्छा नहीं
इंदौर: छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक 30 वर्षीय नवविवाहिता ने अपने मायके में फांसी लगाकर जान दे दी. पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने अपनी मर्जी से यह कदम उठाने की बात लिखी और माता-पिता से माफी मांगी. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि महिला का पति से तलाक को लेकर विवाद चल रहा था.
मृतका हिमानी की शादी दो साल पहले अहमदाबाद निवासी रवि प्रजापति से हुई थी, जो गुजरात राज्य परिवहन निगम में नौकरी करते हैं.
शादी के लगभग एक साल बाद ही हिमानी ससुराल छोड़कर मायके आ गई थी और पिछले एक साल से पिता अभिनंदन प्रजापति के साथ रह रही थी. हिमानी ने कंप्यूटर साइंस से पढ़ाई की थी। पिता अकाउंटेंट हैं, जबकि परिवार में छोटा भाई और बहन भी हैं. सुसाइड नोट में हिमानी ने लिखा है कि उसकी अब जीने की इच्छा नहीं है और वह अपनी मर्जी से सुसाइड कर रही है. साथ ही उसने माता-पिता से माफी मांगी. पुलिस ने नोट जब्त कर लिया है और माता-पिता के बयान दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है.
बीमार युवती की मौत, चार माह की थी गर्भवती
इसी तरह आजाद नगर क्षेत्र में 19 वर्षीय गर्भवती युवती की गुरुवार देर रात मौत हो गई. परिजन उसे एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. मृतका शिवानी पति सूरज कुशवाह, निवासी दुर्गा नगर थी. उसके भाई यश ने बताया कि रात में वह बाथरूम में गिर गई थी. पहले उसे निजी अस्पताल ले जाया गया, वहां से एमवाय भेज दिया था. शिवानी टीबी से पीड़ित थी और लंबे समय से उसका इलाज चल रहा था. बीमारी के कारण वह शारीरिक रूप से काफी कमजोर हो चुकी थी. परिवार के लोगों ने पुलिस को बताया कि वह करीब चार माह की गर्भवती भी थी. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
