
रिंगनोद। थाना रिंगनोद की चौकी ढोढर पुलिस ने परवलिया स्थित बायोडीजल पेट्रोल पंप परिसर के सोलर प्लांट में हुई चोरी का खुलासा करते हुए 6 मुख्य आरोपियों और चोरी का सामान खरीदने वाले एक कबाड़ी सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिकअप क्रमांक एमपी-09-डीवी-9205 भी जब्त की है। आरोपियों ने पूछताछ में अन्य स्थानों पर भी चोरी करना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार 02 से 03 अगस्त 2026 की दरमियानी रात परवलिया स्थित बायोडीजल पेट्रोल पंप परिसर में रखे सोलर प्लांट की सामग्री अज्ञात चोर चोरी कर ले गए थे। मामले में 07 अगस्त को आयुष शर्मा निवासी हाथीखाना, जावरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस पर थाना रिंगनोद में अपराध क्रमांक 327/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
पहले रेकी, फिर रात में वारदात
जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात से पहले पिकअप वाहन से संभावित स्थानों की तलाश करते थे। खुले में रखे सोलर प्लांट सहित अन्य सामान की जानकारी जुटाने के बाद एक-दो दिन तक उस स्थान की रेकी की जाती थी। इसके बाद साथियों को लेकर रात में पहुंचते और मौका देखकर सामान पिकअप में भरकर ले जाते थे।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों ने खोला रास्ता
पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों का बारीकी से निरीक्षण किया। सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ साइबर सेल रतलाम की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची और एक के बाद एक 6 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
इंदौर जिले के रहने वाले हैं अधिकांश आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में रवि पिता अन्तरसिंह गिनावा (25), निवासी बिसनावदा, थाना गांधीनगर, इंदौर; नरेन्द्र पिता घनश्याम मोर्य (30) निवासी मोहाड़ी, थाना खुडैल, इंदौर; गोपाल पिता सुरेश मोर्य (25) निवासी मोहाड़ी, थाना खुडैल, इंदौर; दीपक भुरिया पिता सुरेश भूरिया (33) निवासी बिजलपुर, थाना राजेंद्र नगर, इंदौर, हाल ग्राम किशनपुरा, बेटमा; गणेश पिता धर्मेंद्र परमार (19) निवासी भंवरगढ़, थाना बेटमा; प्रदीप पिता राजेश बामनिया (24) निवासी सागोर रोड, बेटमा शामिल हैं। इनके अलावा फरहान पिता अकरम कुरैशी (27) निवासी टाटपट्टी बाखल, थाना छतरीपुरा, इंदौर, को चोरी का सामान खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
चोरी की सामग्री की बरामदगी के प्रयास जारी
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पिकअप एमपी-09-डीवी-9205 जब्त की है। चोरी का सामान खरीदने वाले आरोपी का पुलिस रिमांड प्राप्त कर उससे पूछताछ की जा रही है तथा चोरी गई सोलर प्लांट सामग्री की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में अन्य स्थानों पर भी चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया है।
एसपी के निर्देशन में टीम ने किया खुलासा
कार्रवाई एसपी रतलाम अमित कुमार के निर्देशन, एएसपी विवेक कुमार लाल और एसडीओपी संदीप कुमार मालवीय के मार्गदर्शन तथा रिंगनोद थाना प्रभारी निरीक्षक आनन्दसिंह आजाद के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी, सहायक उपनिरीक्षक गजेन्द्रसिंह शक्तावत व अशोक चौहान सहित पुलिस टीम और साइबर सेल रतलाम के प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा व आरक्षक विपुल भावसार की विशेष भूमिका रही।
