
भोपाल। देशव्यापी वामपंथी उग्रवाद विरोधी अभियान में उल्लेखनीय योगदान के लिए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के बस्तर स्थित बादल अकादमी में आयोजित “उजर बस्तर” कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों एवं हॉक फोर्स के जवानों को सम्मानित किया।
यह सम्मान बालाघाट क्षेत्र तथा छत्तीसगढ़ सीमा से लगे नक्सल प्रभावित इलाकों में सफल एंटी-नक्सल अभियानों के संचालन, अंतरराज्यीय समन्वय को मजबूत करने, प्रभावी खुफिया तंत्र विकसित करने तथा दुर्गम क्षेत्रों में लगातार अभियान चलाने के लिए प्रदान किया गया। साथ ही सुरक्षा और विकास आधारित पुलिसिंग मॉडल को प्रभावी ढंग से लागू करने में भी मध्यप्रदेश पुलिस की भूमिका की सराहना की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री शाह ने सुरक्षा बलों के साहस, समर्पण और प्रतिबद्धता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के समन्वित प्रयासों से देश तेजी से नक्सलमुक्त भारत के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है।
सम्मानित अधिकारियों में पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना, विशेष पुलिस महानिदेशक पंकज श्रीवास्तव, भोपाल पुलिस आयुक्त संजय कुमार, बालाघाट पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सहित हॉक फोर्स के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे।
अधिकारियों के अनुसार, हॉक फोर्स एवं एंटी-नक्सल इकाइयों ने पिछले वर्षों में लगातार रणनीतिक अभियान चलाकर नक्सली नेटवर्क को कमजोर किया है। आधुनिक तकनीक, सटीक इंटेलिजेंस और सतत अभियानों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है तथा स्थानीय नागरिकों में विश्वास और विकास का वातावरण बना है।
