जबलपुर: नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज प्रदेश का पहला ऐसा मेडिकल कॉलेज बन गया है, जहां पर एनईएलएस कोर्स (राष्ट्रीय आपातकालीन जीवन रक्षक ) को शुरू किया गया है। 3 दिवसीय कोर्स पूरी तरीके से व्यावहारिक होगा जिसमें भाग लेने वाले प्रतिभागियों को इंजेक्शन लगाने, एनईएलएस करने और अन्य आपातकालीन प्रक्रियाओं का लाइव प्रदर्शन के साथ अभ्यास कराया जाएगा।
मेडिकल कॉलेज के डीन प्रोफेसर डॉ. नवनीत सक्सेना ने बताया कि यह कोर्स केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य नर्सों, पैरामेडिकल कर्मचारी और डॉक्टरों को विभिन्न प्रकार की आपातकालीन स्थितियों जैसे ट्रॉमा, मेडिकल इमरजेंसी, सर्जिकल इमरजेंसी, गर्भवती महिलाओं की आपात स्थिति और बच्चों को तुरंत ठीक करने में, निपुण बनाने के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करना है।
