विकास कार्यों में उपेक्षा से आहत पार्षद ने दिया इस्तीफा: ओमप्रकाश बल्ली सोनी ने निगमाध्यक्ष को सौंपा

कटनी। नगर पालिक निगम कटनी के इंदिरा गांधी वार्ड क्रमांक 04 में बुनियादी विकास कार्यों के ठप पड़ने और नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं न मिल पाने से आहत होकर क्षेत्रीय पार्षद ओमप्रकाश बल्ली सोनी ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने निगमाध्यक्ष को पत्र लिखकर अपना इस्तीफा सक्षम प्राधिकारी को अग्रेषित करने की मांग की है।
5 करोड़ के विकास कार्यों पर ब्रेक का आरोप
पार्षद बल्ली सोनी ने अपने त्यागपत्र में उल्लेख किया है कि वार्ड की कॉलोनियों से नागरिकों द्वारा विधिवत विकास शुल्क जमा कराया गया था। तत्कालीन नगर निगम आयुक्त के कार्यकाल में जनहित को ध्यान में रखते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत वार्ड में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत निर्माण कार्यों के लिए करीब 5 करोड़ रुपये की राशि आरक्षित कराई गई थी। इन कार्यों की सक्षम स्वीकृतियां मिलने के साथ ही निविदाएं (टेंडर) भी जारी कर दी गई थीं, जिससे स्थानीय नागरिकों में विकास की उम्मीद जगी थी।
प्रशासनिक फेरबदल के बाद रुकी रफ्तार
इस्तीफे में दर्द बयां करते हुए पार्षद ने कहा कि प्रशासनिक परिवर्तन के बाद विकास कार्यों को अपेक्षित गति नहीं मिल सकी। स्वीकृत होने के बावजूद निर्माण कार्य लंबे समय से लंबित पड़े हैं। इसके चलते क्षेत्र की जनता के बीच उन्हें लगातार जवाबदेह होना पड़ रहा है और जनता के भरोसे पर खरा न उतर पाने के कारण वे अत्यधिक व्यथित हैं।
“पद प्रतिष्ठा का नहीं, सेवा का माध्यम”
बल्ली सोनी ने स्पष्ट किया कि उनका यह कदम किसी व्यक्तिगत द्वेष का परिणाम नहीं, बल्कि जनता के प्रति जवाबदेही और उनके अधिकारों के प्रति नैतिक प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ने के लिए चुना था, लेकिन जब वे नागरिकों को उनका वाजिब हक दिलाने में असमर्थ हैं, तो पद पर बने रहने का नैतिक औचित्य समाप्त हो जाता है।
लंबित टेंडर प्रक्रिया की समीक्षा की मांग
पार्षद ने निगम प्रशासन और परिषद से मांग की है कि वार्ड में लंबित निर्माण कार्यों एवं फाइलों की तत्काल समीक्षा की जाए और टेंडर व क्रियान्वयन पर समयबद्ध निर्णय लिया जाए, ताकि जनता को मूलभूत सुविधाओं के लिए और भटकना न पड़े।

Next Post

नवरात्र से दीपावली तक देश में सात लाख करोड़ रुपये से अधिक के कारोबार का अनुमान: कैट

Wed Oct 14 , 2026
नयी दिल्ली, 14 अक्टूबर (वार्ता) अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) को इस साल नवरात्र से दीपावली तक देश भर में सात लाख करोड़ रुपये के अधिक के त्योहारी कारोबार का अनुमान है। कैट के राष्ट्रीय महामंत्री एवं चांदनी चौक से लोकसभा सांसद प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि पिछले साल दीपावली […]

You May Like